‘मुंबई। मशहूर रैपर बादशाह की दूसरी पत्नी और पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी ने अपनी शादी में चल रही अनबन पर चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर किया, जिसमें बताया कि वह पिछले काफी समय से शादीशुदा जिंदगी की मुश्किलों पर इसलिए चुप थीं क्योंकि उन्हें बादशाह के रुतबे, ताकत और प्रभाव से डर लगता था।
यहां इस कड़ी में बता दें कि, ईशा रिखी ने स्वीकार किया कि उन्होंने लंबे समय तक खुद को इस भ्रम में रखा कि चुप रहना उनकी सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी इस चुप्पी को रजामंदी या सब कुछ ठीक होने का सबूत न समझा जाए। अब उन्होंने डर के आगे घुटने टेकने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह अभी अपनी जिंदगी की पूरी दास्तान दुनिया के सामने बयां करने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं, लेकिन झूठा दिखावा नहीं कर सकतीं कि उनकी जिंदगी में सब कुछ शानदार चल रहा है।
सोशल मीडिया पर बढ़ी चर्चा
मनोरंजन जगत से जुड़े सितारों की निजी जिंदगी अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाती है। ऐसे मामलों में प्रशंसकों की दिलचस्पी स्वाभाविक होती है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि व्यक्तिगत संबंधों से जुड़े मामलों में बिना आधिकारिक पुष्टि के किसी भी तरह के निष्कर्ष या आरोप लगाने से बचना चाहिए।
फिलहाल ईशा रिखी का भावुक नोट सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है। उनके समर्थक इसे कठिन परिस्थितियों में अपनी बात रखने का साहसिक कदम मान रहे हैं, जबकि कई लोग आगे आने वाले आधिकारिक बयानों का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे मामलों में तथ्यों की पुष्टि और दोनों पक्षों की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
वही यह भी जानकारी देते चले कि, इस बयान के बाद इंडस्ट्री के कई सेलेब्रिटी उनके समर्थन में आए। बिग बॉस ओटीटी 3 की विनर सना मकबूल ने उनकी हिम्मत की तारीफ की, जबकि प्रियाल गोर और चेतना पांडे ने भी उन्हें सपोर्ट किया। यह विवाद तब शुरू हुआ जब ईशा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर किया था, जिसके कैप्शन में लिखा था, ‘हर तूफान एक सबक है, हर प्रार्थना एक उम्मीद है।’ इस पोस्ट पर जैस्मीन भसीन और पायल देव जैसी हस्तियों के रिएक्शन के बाद कयास लगने शुरू हो गए थे।गौरतलब है कि बादशाह ने अपनी पहली पत्नी जैस्मीन मसीह से साल 2020 में तलाक ले लिया था, जिनके साथ उनकी एक बेटी जेसेमी भी है। इसके लगभग छह साल बाद बादशाह की जिंदगी में ईशा रिखी की एंट्री हुई थी। दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी में हुई थी।
