नई दिल्ली। बाजार में शिमला मिर्च महंगी मिलती है और उसमें केमिकल होने की आशंका रहती है। ऐसे में घर की छत या बालकनी में गमले में आसानी से ऑर्गेनिक शिमला मिर्च उगाई जा सकती है। इसके लिए सही गमला, मिट्टी, धूप, पानी और पोषण की जरूरत होती है।
यहां हम आपको यह बता दे कि, घर पर शिमला मिर्च उगाने के लिए कम से कम 12 से 15 इंच गहरा और चौड़ा मिट्टी का गमला लें, जिसमें अतिरिक्त पानी निकालने के लिए ड्रेनेज होल हो। मिट्टी का मिश्रण 50 प्रतिशत सामान्य बगीचे की साफ मिट्टी, 30 प्रतिशत अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद और 20 प्रतिशत बारीक नदी की रेत मिलाकर तैयार करें। भरोसेमंद नर्सरी से हाइब्रिड बीज या तैयार पौधा लें। बीजों को आधा इंच गहराई में बोकर ऊपर हल्की मिट्टी की परत बिछाएं और स्प्रे बोतल से पानी दें। 6 से 8 दिनों में पौधे अंकुरित हो जाते हैं।
इस कड़ी में जानकारी देते चले कि, पौधे को रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे अच्छी धूप चाहिए। गमले को छत या बालकनी की खुली जगह पर रखें। मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें। ऊपरी 1 से 1.5 इंच मिट्टी सूखी लगने पर ही धीरे-धीरे पानी दें। ज्यादा पानी से जड़ों में फंगस लग सकता है। पौधा 6 से 8 इंच का हो जाए तो ऊपरी सिरे की हल्की पिंचिंग करें, जिससे साइड ब्रांचें निकलें और पौधा घना बने।
आखिर में यह बताते चले कि, फूल आने पर हर 15 से 20 दिन में ऊपरी मिट्टी की हल्की गुड़ाई करके वर्मीकम्पोस्ट, नीम खली पाउडर और केले के छिलकों की लिक्विड ऑर्गेनिक खाद डालें। एफिड्स, माइट्स या सफेद मक्खियों से बचाव के लिए महीने में दो बार 5 मिलीलीटर नीम के तेल को पानी में मिलाकर स्प्रे करें। पौध लगाने के लगभग 65 से 75 दिनों में शिमला मिर्च तैयार हो जाती है। तैयार होने पर कैंची से तने को नुकसान पहुंचाए बिना काट लें।
