नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद विपक्षी INDIA गठबंधन में नई एकजुटता देखने को मिल रही है। गठबंधन हाल में बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत और तमिलनाडु में कांग्रेस-डीएमके के अलग होने के बाद कमजोर नजर आ रहा था, लेकिन इस घटना के बाद विपक्षी दल फिर साथ आने दिख रहे हैं।
गौरतलब हैं कि, अभिषेक बनर्जी पर हमला तब हुआ जब वे चुनावी हिंसा में मारे गए एक तृणमूल नेता के परिवार से मिलने पहुंचे थे। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे भाजपा का हाथ है और इसे बाहरी लोगों के जरिए अंजाम दिया गया।इस घटना पर विपक्षी नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हिंसा की निंदा करते हुए इसे भाजपा की प्रतिशोध की राजनीति का नतीजा बताया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बंगाल की ‘अराजक’ भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह नफरत और नकारात्मक राजनीति के अलावा कुछ नहीं कर सकती।
विपक्षी नेताओं ने की घटना की निंदा
घटना के बाद INDIA गठबंधन के कई प्रमुख नेताओं ने सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी और राजनीतिक हिंसा की निंदा की।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने इस घटना को चिंताजनक बताते हुए कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को हिंसक रूप नहीं दिया जाना चाहिए। खरगे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में प्रतिशोध की राजनीति का माहौल तैयार किया जा रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी निर्वाचित सांसद पर हमला केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि उस जनता पर भी हमला है जिसने उसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुना है। राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन हिंसा किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती।
अंत में बताते चले कि, अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले ने केवल पश्चिम बंगाल की राजनीति को ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय विपक्षी राजनीति को भी प्रभावित किया है। इस घटना के बाद INDIA गठबंधन के नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए राजनीतिक हिंसा की निंदा की है। ऐसे समय में जब विपक्षी गठबंधन को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे थे, यह घटना विपक्षी दलों को एक साझा मंच पर लाने का कारण बनती दिखाई दे रही है।
