नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद पार्टी ने नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है। भाजपा संसदीय बोर्ड ने पश्चिम बंगाल में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।
अमित शाह नवनिर्वाचित विधायकों और नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे तथा मुख्यमंत्री और कैबिनेट के नामों पर अंतिम फैसला लेंगे। वहीं, असम के लिए भाजपा ने जेपी नड्डा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। इनकी भूमिका संगठनात्मक समन्वय और राजनीतिक निर्णयों की देखरेख करने की होगी।
पश्चिम बंगाल में भाजपा ने 206 सीटें जीती हैं, जबकि टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई है। नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होगा, जो गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के दिन है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने इसकी पुष्टि की है।
