समाचार मिर्ची

उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली परिक्षेत्र के पश्चिम बगदरी बीट में रविवार सुबह 8 वर्षीय बाघ ‘पुजारी’ मृत अवस्था में मिला। क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय के अनुसार प्रथम दृष्टया इसकी मौत दूसरे बाघ से आपसी संघर्ष में हुई है। बाघ के शरीर पर हमले के निशान मिले हैं।

11 मई को सुबह करीब साढ़े छह बजे ढमढमा कैंप के सुरक्षा श्रमिकों ने बाघों के लड़ने की आवाज सुनी। गश्ती दल ने ढमढमा क्षेत्र की सघन तलाशी ली तो करीब तीन घंटे बाद आरएफ 502 में पुजारी का शव मिला। अधिकारियों ने बताया कि यह बाघ जंगल के दबंग टाइगर B-1 से बहुत डरता था और उसे देखकर भाग जाता था।

शव के प्रारंभिक परीक्षण में पंजों और दांतों सहित सारे अंग सुरक्षित पाए गए, जिससे शिकार की आशंका नहीं है। स्थल की घेराबंदी कर दी गई है। हाथी गश्ती दल, डॉग स्क्वाड और मेटल डिटेक्टर टीम को जांच में लगाया गया है। एनटीसीए की गाइडलाइन के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version