ऋषिकेश: चारधाम यात्रा के लिए शुक्रवार से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। ऋषिकेश में कुल 30 काउंटर तैयार किए गए हैं, जिनमें ट्रांजिट कैंप में 24 और आईएसबीटी में 6 काउंटर शामिल हैं। इन काउंटरों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन सुबह 5 बजे से शुरू हुआ।
चारधाम यात्रा प्रशासन और नियंत्रण संगठन के विशेष कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन और यात्रियों की सुविधाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 30 काउंटरों के अलावा 30 मोबाइल टीमों का गठन भी किया गया है, जो होटलों और आश्रमों में जहां ज्यादा संख्या में यात्री ठहरे हैं, वहां रजिस्ट्रेशन करवाएंगी ताकि मुख्य काउंटरों पर लंबी कतारें न लगें।
रजिस्ट्रेशन के लिए श्रद्धालुओं को आधार कार्ड दिखाना होगा और फिंगरप्रिंट देना होगा। विदेशी श्रद्धालु पासपोर्ट के आधार पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। चारधाम यात्रा 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू होगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 6 मार्च से ही चल रहे हैं।
ट्रांजिट कैंप में अस्थायी अस्पताल भी स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 18 अप्रैल को ट्रांजिट कैंप से यात्रा का उद्घाटन करेंगे, इसके बाद पूजा-अर्चना के बाद बसें रवाना होंगी। हेमकुंड साहिब यात्रा शुरू होने पर वहां चार काउंटर खोले जाएंगे।
