देहरादून। देहरादून के डोईवाला स्थित पैनासिया अस्पताल में बुधवार को एसी फटने से भीषण आग लग गई। हादसे में 55 वर्षीय एक मरीज की मौत हो गई। घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग झुलस गए।
इस संबंध में बता दें कि, अस्पताल में अचानक धुआं उठने लगा, जिससे मरीजों और तीमारदारों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्टाफ और स्थानीय लोगों ने मरीजों को वार्डों से बाहर निकाला। कई मरीजों को एंबुलेंस के जरिए दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। कैलाश अस्पताल में लाए गए छह मरीजों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। अस्पताल परिसर को खाली करा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग की वजह एसी ब्लास्ट मानी जा रही है। फायर विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहा है।
