Skip to main content

समाचार मिर्ची

नई दिल्ली। फिल्म ‘धुरंधर 2’ के डायरेक्टर आदित्य धर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए फैंस से स्पॉइलर न शेयर करने की अपील की। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि फिल्मों को थिएटर में महसूस करना चाहिए, फोन की धुंधली तस्वीरों में नहीं। उन्होंने गुजारिश की कि हर फैन सस्पेंस के साथ थिएटर जाए और अपनी यादें लेकर बाहर आए। उन्होंने यह भी कहा कि फैंस ने ही ‘धुरंधर’ को इतना बड़ा बनाया है।

पोस्ट के अंत में आदित्य धर ने फिल्म की स्टार कास्ट और मेकर्स को टैग किया, लेकिन यहां उन्होंने भारी गलती कर दी। उन्होंने असली अभिनेता रणवीर सिंह की बजाय एक एसईओ स्ट्रैटेजिस्ट रणवीर सिंह के अकाउंट को टैग कर दिया। साथ ही अर्जुन रामपाल के गलत अकाउंट को भी टैग किया, जो एक फुटबॉल प्लेयर हैं। कुछ यूजर्स ने आर माधवन को भी गलत तरीके से टैग किए जाने का जिक्र किया।

यह गलती जैसे ही यूजर्स की नजर में आई, सोशल मीडिया पर मीम्स और कमेंट्स की बाढ़ आ गई। नेटिजन्स ने मजाक उड़ाते हुए लिखा, “गलत रणवीर को टैग कर दिया धर साहब”, “पता नहीं किस रणवीर को टैग कर दिया, वीक डिटेलिंग बाय आदित्य धर” और “आदित्य धर ने गलत रणवीर, माधवन और अर्जुन रामपाल को टैग कर दिया, ये तो पीक मिस्टेक है”। कई यूजर्स ने इसे आदित्य धर की ‘पीक डिटेलिंग’ का मजाक बनाते हुए ‘पीक मिस्टेक’ कहा।

‘धुरंधर 2’ फिल्म का पेड प्रीव्यू 18 मार्च 2026 को हुआ था। सैकनिल्क रिपोर्ट के अनुसार, भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 52.71 करोड़ और नेट 48.30 करोड़ रहा, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 75 करोड़ के पार पहुंच गया है। यह फिल्म मूल ‘धुरंधर’ का सीक्वल और सीरीज का आखिरी पार्ट है। इसमें रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गोरा मुख्य भूमिकाओं में हैं और यामी गौतम स्पेशल अपीयरेंस में नजर आएंगी। अक्षय खन्ना इस पार्ट में नहीं हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version