समाचार मिर्ची

नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अपने यूनिफाइड पोर्टल को डाटाबेस कंसोलिडेशन और सॉफ्टवेयर अपग्रेड के बाद फिर से शुरू किया है। नए पोर्टल में कई प्रमुख बदलाव किए गए हैं। अब यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) को इस पोर्टल से न तो एक्टिवेट किया जा सकेगा और न ही नया यूएएन जेनरेट किया जा सकेगा।

ईपीएफओ की वेबसाइट के अनुसार, अब यूएएन को केवल उमंग ऐप के जरिए एक्टिवेट (सक्रिय) किया जा सकेगा। नया यूएएन नंबर भी उमंग ऐप के जरिए जेनरेट हो सकेगा। प्रक्रिया इस प्रकार है: सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर या एपल ऐप स्टोर से उमंग ऐप डाउनलोड करें। उमंग ऐप में ईपीएफओ सर्विसेज सेक्शन खोलें। यूएएन सर्विसेज थ्रू फेस ऑथेंटिकेशन के तहत यूएएन एक्टिवेशन विकल्प पर क्लिक करें। आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। इससे यूएएन एक्टिवेट हो जाएगा।

ईपीएफओ ने पोर्टल को अपग्रेड करने के साथ इसका इंटरफेस भी नया बनाया है। संगठन का कहना है कि इसका उद्देश्य ऑनलाइन सेवाओं को पहले से ज्यादा तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना है। नए इंटरफेस में कई सुविधाएं होम पेज पर लाई गई हैं। सभी सदस्यों और नियोक्ताओं के लिए सेवाएं चरणबद्ध तरीके से शुरू की गई हैं। शुरुआती दो हफ्तों के दौरान अतिरिक्त सत्यापन जांच के साथ दावों और सेवा आग्रहों को व्यवस्थित तरीके से प्रोसेस किया जाएगा।

उमंग यूनिफाइड मोबाइल एप्लीकेशन फॉर न्यू-एज गवर्नेंस है। यह भारत सरकार का आल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और नेशनल ई-गवर्नेंस डिविजन ने विकसित किया है। यह ऐप केंद्र, राज्य और स्थानीय सरकारी विभागों की 1,700 से अधिक सेवाओं का लाभ एक जगह देता है। यह करीब 22 भाषाओं में उपलब्ध है और आधार-बेस्ड वेरिफिकेशन तथा एन्क्रिप्टेड फॉर्मेट का उपयोग करता है, जिससे पर्सनल डाटा सुरक्षित रहता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version