समाचार मिर्ची

नई दिल्ली। घर पर चुकंदर उगाना बेहद आसान है और इसके लिए ज्यादा जगह या अनुभव की जरूरत नहीं पड़ती। चुकंदर सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है, जो शरीर में खून बढ़ाने, कमजोरी दूर करने और ताकत देने में मदद करता है। घर में उगाई गई सब्जियां ताजी होती हैं और इनमें कोई हानिकारक केमिकल नहीं होता। अगर थोड़ी सी जगह, गमला और अच्छी मिट्टी हो तो बालकनी में भी आसानी से लाल-लाल चुकंदर उगाया जा सकता है।

सबसे पहले 10 से 12 इंच गहरा गमला चुनें या प्लास्टिक की बाल्टी/बड़ा कंटेनर इस्तेमाल करें, जिसमें नीचे छेद जरूर हों ताकि पानी निकल सके। मिट्टी को ढीली और उपजाऊ बनाने के लिए गार्डन सॉइल में गोबर की खाद या कम्पोस्ट मिलाएं। बीजों को आधा से एक इंच गहराई पर बोएं, ज्यादा बीज एक गमले में न डालें। बोने के बाद हल्के से मिट्टी से ढकें और धीरे-धीरे पानी दें। 7-10 दिनों में छोटे पौधे निकल आते हैं। पौधे बड़े होने पर भीड़ होने पर कुछ पौधों को निकालकर बाकी को जगह दें।

देखभाल के लिए गमले को ऐसी जगह रखें जहां रोजाना कम से कम 5-6 घंटे धूप मिले। मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें, ज्यादा पानी न दें और पूरी तरह सूखने भी न दें। गर्म मौसम में रोज पानी दें, ठंड में हर दो दिन में। अगर मिट्टी सख्त हो जाए तो हल्के से ढीली करें ताकि जड़ों को हवा मिले। महीने में एक बार ऑर्गेनिक खाद डालें। बुआई के 50-60 दिनों बाद जब मिट्टी के ऊपर थोड़ा लाल हिस्सा दिखे तो सावधानी से चुकंदर खोदकर निकाल लें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version