समाचार मिर्ची

हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में हाईवे पर एक स्लीपर बस और ट्रेलर ट्रक के बीच भीषण भिड़ंत में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है। हादसा मंगलवार सुबह बारमसर के पास रावतसर क्षेत्र में हुआ। बस श्रीगंगानगर से रावतसर होते हुए जयपुर जा रही थी। पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

हादसे की वजह बताई गई है कि बस चालक ने दो खड़े सरसों से लदे ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिस दौरान सामने से आ रहे एक अन्य ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। बस ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकराई, जिससे बस को गंभीर क्षति पहुंची। पांच लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है, जिनमें से तीन-चार को बेहतर इलाज के लिए हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सात घायलों को रावतसर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

एसडीएम संजय अग्रवाल ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे, घायलों से मिले और इलाज की स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय निवासियों ने भी फंसे यात्रियों को निकालने में मदद की। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version