मुंबई। बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के लिए नई और सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। इन नियमों का मकसद टूर्नामेंट में अनुशासन बनाए रखना, पिच की गुणवत्ता सुरक्षित रखना और ब्रॉडकास्ट गुणवत्ता सुधारना है।बीसीसीआई ने मैच के दिन प्रैक्टिस पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। मैच डे पर नेट्स में अभ्यास या मुख्य स्क्वायर पर कोई फिटनेस ड्रिल नहीं होगी। टीमों को केवल तय ट्रेनिंग विंडो में ही तैयारी करनी होगी। बड़े वेन्यू पर हर टीम को सीमित नेट्स और रेंज हिटिंग की सुविधा दी जाएगी। ओपन नेट्स, विरोधी टीम के खाली विकेट का उपयोग और पहले इस्तेमाल हुए नेट्स पर रोक रहेगी।
फैमिली एंट्री भी सीमित कर दी गई है। ड्रेसिंग रूम और फील्ड ऑफ प्ले पर केवल अधिकृत स्टाफ को अनुमति होगी। खिलाड़ियों के परिवार और दोस्त हॉस्पिटैलिटी एरिया से ही प्रैक्टिस देख सकेंगे। प्रैक्टिस के दौरान खिलाड़ियों के साथ परिवार का ट्रैवल प्रतिबंधित है। हर खिलाड़ी को स्टेडियम आने-जाने के लिए टीम बस का इस्तेमाल अनिवार्य है। निजी गाड़ियों पर रोक लगाई गई है। परिवार के सदस्य अलग वाहन से यात्रा करेंगे।
नियम न मानने पर बीसीसीआई पहले चेतावनी देगा, उसके बाद जुर्माना लगाएगा। अन्य नियमों में जर्सी नंबर बदलने के लिए 24 घंटे पहले सूचना देना, मैच डे पर सीमित 12 सपोर्ट स्टाफ, ऑरेंज-पर्पल कैप पहनना और पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में फ्लॉपी हैट-स्लीवलेस जर्सी पर बैन शामिल है।
