समाचार मिर्ची

बेंगलुरु। कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के मैच आयोजित करने की मंजूरी दे दी है। यह फैसला सुरक्षा और तैयारियों की समीक्षा के बाद सोमवार (16 मार्च 2026) को विधान सौध में हुई बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने की। एक्सपर्ट कमेटी ने स्टेडियम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक मानकों पर विस्तृत रिपोर्ट पेश की, जिसकी समीक्षा के बाद गृह मंत्री ने हरी झंडी दी।

आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च को होगा, जिसमें सीजन ओपनर मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम को खेला जाएगा। इसके अलावा 5 अप्रैल को आरसीबी और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच दोपहर का मैच भी इसी स्टेडियम में होगा। आरसीबी अपने कुल पांच घरेलू मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी, जबकि बाकी दो घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होंगे। पिछले सीजन में आरसीबी ने आईपीएल का खिताब जीता था।

कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) के पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद के नेतृत्व में एसोसिएशन ने राज्य सरकार, एक्सपर्ट कमेटी और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर सभी सुरक्षा और संचालन संबंधी मानकों को पूरा किया। एक्सपर्ट कमेटी के अध्यक्ष जी.एम. महेश्वर राव ने तैयारियों और इंफ्रास्ट्रक्चर की समीक्षा की, जबकि सदस्य सचिव श्रीमंत कुमार सिंह ने सुरक्षा, संचालन और व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया। केएससीए ने गृह मंत्री जी. परमेश्वर, जी.एम. महेश्वर राव और श्रीमंत कुमार सिंह के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कैबिनेट स्तर पर सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की थी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version