लखनऊ। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के पांचवें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को छह विकेट से पराजित कर दिया। लखनऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 141 रनों पर ऑलआउट हो गई, जिसके जवाब में दिल्ली ने 17.1 ओवर में चार विकेट खोकर 145 रन बना लिए। यह एक लो स्कोरिंग मुकाबला रहा।
लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी शुरुआत से ही संघर्षपूर्ण रही। कप्तान ऋषभ पंत सात रन बनाकर रन आउट हुए, जबकि मिचेल मार्श ने 35 रन और अब्दुल समद ने 36 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। दिल्ली की गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी और टी. नटराजन ने तीन-तीन विकेट लिए, वहीं कुलदीप यादव को दो सफलताएं मिलीं।
दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत भी खराब रही और पावरप्ले में ही टीम 26 रनों पर चार विकेट गंवा बैठी। केएल राहुल शून्य पर आउट हुए, जबकि अक्षर पटेल भी खाता नहीं खोल सके। इसके बाद इम्पैक्ट प्लेयर समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स ने 119 रनों की नाबाद साझेदारी कर मैच पलट दिया। रिजवी ने 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल थे। स्टब्स ने 32 गेंदों पर नाबाद 39 रन का योगदान दिया।
समीर रिजवी की शानदार पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने लक्ष्य हासिल कर छह विकेट से जीत दर्ज की। रिजवी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लखनऊ की ओर से प्रिंस यादव ने दो विकेट लिए।
