Skip to main content

समाचार मिर्ची

नई दिल्ली।आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा नेता प्रवेश वर्मा द्वारा जारी की गई अरविंद केजरीवाल के नए सरकारी बंगले की तस्वीरों को पूरी तरह फर्जी बताते हुए खारिज कर दिया है। AAP ने इन तस्वीरों को पिंटरेस्ट से डाउनलोड की गईं करार दिया।

भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि केजरीवाल का नया बंगला बेहद भव्य और आलीशान है। उन्होंने कुछ तस्वीरें जारी कर इसे ‘शीशमहल-2’ बताया और सवाल उठाया कि इस पर कितना खर्च हुआ और पैसा कहां से आया। प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल को ‘रहमान डकैत’ कहते हुए इसे ‘आलीशान आदमी पार्टी’ की संस्कृति बताया।

AAP ने इन आरोपों का कड़ा जवाब देते हुए तस्वीरों को फर्जी बताया। AAP नेता आतिशी ने कहा कि प्रवेश वर्मा द्वारा जारी सारी तस्वीरें केजरीवाल जी के घर की नहीं हैं, बल्कि इंटरनेट से उठाई गई हैं। उन्होंने कहा, “क्या दिन आ गए हैं इनके- जब केजरीवाल जी के खिलाफ कुछ मिलता नहीं तो इंटरनेट से उठाई गई तस्वीरों के दम पर झूठे दावे किए जा रहे हैं।”

आतिशी और संजय सिंह ने एलजी और मुख्यमंत्री को खुली चुनौती दी। संजय सिंह ने कहा, “मैं चुनौती देता हूं कि रेखा गुप्ता जी, एलजी महोदय और प्रवेश वर्मा अपना-अपना घर जनता के लिए खोल दें। अरविंद केजरीवाल जी अपना घर खोल देंगे, जनता को पता चल जाएगा किसका घर कितना आलीशान है।” आतिशी ने भी कहा कि रेखा गुप्ता और एलजी अपना घर खोलें, केजरीवाल अपना घर खोलेंगे और जनता खुद तय कर लेगी।इस मामले में दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है। AAP ने स्पष्ट किया कि जारी तस्वीरें केजरीवाल के वास्तविक घर की नहीं हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version