नई दिल्ली। केरल में 10 दिन की सियासी खींचतान के बाद कांग्रेस ने नए मुख्यमंत्री के रूप में वीडी सतीशन के नाम पर मुहर लगा दी है। कांग्रेस पार्टी की ओर से गुरुवार को उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया गया। केरल की एआईसीसी प्रभारी दीपा दासमुंशी ने इसकी घोषणा की।
61 वर्षीय वीडी सतीशन केरल के नए मुख्यमंत्री होंगे। उनके चयन का मतलब यह भी है कि कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर हो गए। केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित हुए थे। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन ने 140 सीटों में से 102 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था। कांग्रेस के पास 63 विधायक हैं। सहयोगी दलों में आईयूएमएल के 22, केरल कांग्रेस के 8 और आरएसपी के 3 विधायक हैं।
मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के अंदर वीडी सतीशन, केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के बीच खींचतान चल रही थी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शीर्ष नेताओं के साथ बैठक के बाद फैसला लिया। राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर चर्चा की थी।
