नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमिटी ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स (CCEA) ने मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। सरकार ने खरीफ फसलों के MSP के लिए 2.60 लाख करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम दिलाना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है। MSP बढ़ाने का यह फैसला केंद्रीय बजट 2018-19 में घोषित अखिल भारतीय भारित औसत उत्पादन लागत के कम से कम 1.5 गुना निर्धारण के अनुरूप है। सरकार का दावा है कि इससे किसानों को लागत पर कम से कम 50 प्रतिशत मुनाफा मिलेगा।
सूरजमुखी के बीज के MSP में सबसे अधिक ₹622 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है, जो अब ₹8,343 प्रति क्विंटल हो गया है। कपास के MSP में ₹557 की वृद्धि हुई है, जो ₹8,267 प्रति क्विंटल हो गया। धान का MSP ₹2,369 से बढ़कर ₹2,441 प्रति क्विंटल, बाजरा ₹2,775 से बढ़कर ₹2,900 और रागी ₹4,886 से बढ़कर ₹5,205 प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
दालों में अरहर का MSP ₹450 बढ़कर ₹8,450 प्रति क्विंटल, उड़द ₹400 बढ़कर ₹8,200 प्रति क्विंटल और मूंगफली ₹7,263 से बढ़कर ₹7,517 प्रति क्विंटल हो गया है। अन्य फसलों में भी MSP में वृद्धि की गई है, जिससे मूंग पर सबसे अधिक 61 प्रतिशत लाभ का अनुमान है।
