समाचार मिर्ची

जयपुर। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जेमीसन को आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। राजस्थान की पारी के दूसरे ओवर में जेमीसन ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आउट किया। विकेट लेने के बाद जेमीसन बल्लेबाज के काफी करीब जाकर आक्रामक अंदाज में जश्न मनाते दिखे, जिसे उकसाने वाला व्यवहार माना गया।

आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, जेमीसन को एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है और चेतावनी जारी की गई है। यह मामला मैच नंबर 43 का है, जो जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में शुक्रवार (1 मई) को खेला गया था। जेमीसन ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सजा को मान लिया।

आईपीएल ने कहा कि जेमीसन ने आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन किया, जो ऐसे व्यवहार से जुड़ा है जिससे दूसरे खिलाड़ी को उकसाया जा सकता है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स ने 226 रन का लक्ष्य हासिल कर अपना आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज किया। टीम अब 4 जीत के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version