नई दिल्ली। भारतीय टेनिस दिग्गज लिएंडर पेस ने मंगलवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और भाजपा नेता सुकांत मजूमदार मौजूद रहे। पेस का यह कदम पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले उठाया गया है।
लिएंडर पेस ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा, “यह मेरे जीवन का बहुत बड़ा दिन है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह जी और नितिन नबीन जी का धन्यवाद करना चाहता हूं। यह मेरे लिए खेल और युवाओं की सेवा करने का बड़ा अवसर है।” उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने 40 साल देश के लिए खेला है, अब समय युवाओं की सेवा करने का है। पेस ने खेलो इंडिया मूवमेंट और टॉप्स स्कीम की सराहना की तथा किरेन रिजिजू द्वारा खिलाड़ियों के लिए किए गए प्रयासों का जिक्र किया।
पेस ने पश्चिम बंगाल में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी का उल्लेख करते हुए कहा कि 1986 में बंगाल में खेल का ज्यादा इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं था और आज भी इंडोर टेनिस कोर्ट की कमी है। उन्होंने अगले 20-25 वर्षों में खेल शिक्षा पर ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया। उनका सपना है कि भारत में महिला सशक्तिकरण के लिए बराबरी के अवसर वाली स्कॉलरशिप प्रोग्राम शुरू किया जाए।
किरेन रिजिजू ने पेस के भाजपा परिवार में शामिल होने को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में खेल और खिलाड़ियों को लगातार बढ़ावा दिया है। पेस कोलकाता में जन्मे हैं और उन्होंने 1996 अटलांटा ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वे कई ग्रैंड स्लैम खिताब और पद्म पुरस्कारों से सम्मानित हैं।
