Skip to main content

समाचार मिर्ची

लखनऊ। लखनऊ के काकोरी स्थित शीतला मंदिर में जीर्णोद्धार के भूमिपूजन और शिलान्यास समारोह के दौरान बुधवार को विवाद खड़ा हो गया। मलिहाबाद से भाजपा विधायक जय देवी कौशल ने मंदिर प्रशासन पर पासी समाज से होने के कारण अपमान और भेदभाव का आरोप लगाया। उनके अनुसार, उन्हें अनुष्ठान में बैठने नहीं दिया गया और लगातार खड़ा रखा गया। साथ ही अगरबत्ती जलाने तथा नारियल फोड़ने से भी रोका गया।

इस संबंध में विधायक जय देवी ने बताया कि उनके प्रयासों से पर्यटन विभाग ने मंदिर के लिए 76 लाख रुपये मंजूर किए थे, फिर भी उन्हें पूजा नहीं करने दी गई। वह इसकी शिकायत आलाकमान से करेंगी। उनके बेटे विकास किशोर ने सोशल मीडिया पर जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने भी इस घटना पर कड़ा ऐतराज जताया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी।

यहां हम आपको बता दें कि, हंगामे के बाद आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष अजय भारती कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ते देख काकोरी इंस्पेक्टर सतीश राठौर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष रोहित साहू, मंडल अध्यक्ष विपिन राजपूत समेत कई लोग मौजूद थे।

आखिर मे यह भी बताते चले कि, मंदिर प्रबंधक रमाकांत गुप्ता ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है कि मंदिर के कपाट सभी जातियों और वर्गों के लिए खुले हैं तथा किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं हुआ। पुजारी शैलेंद्र बाजपेयी विधि-विधान करा रहे थे, जबकि प्रबंधक मंत्रों का उच्चारण कर रहे थे। वहीं, लाखन आर्मी प्रमुख सूरज पासी ने कहा कि वे आज 11.30 बजे शीतला देवी मंदिर पूजा करने जाएंगे और देखेंगे कि उन्हें पूजा करने से कौन रोकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version