पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक में हुई हिंसा का मास्टरमाइंड माने जा रहे AIMIM नेता मोफक्करुल इस्लाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह बागडोगरा एयरपोर्ट से भागने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस की विशेष टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर जाल बिछाकर उन्हें टर्मिनल के पास से धर दबोचा।
मोफक्करुल इस्लाम पेशे से अधिवक्ता हैं और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM पार्टी के प्रमुख चेहरे में शामिल हैं। उन्होंने 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उत्तर दिनाजपुर जिले की इटाहार सीट से AIMIM के टिकट पर चुनाव लड़ा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कालियाचक और सुजापुर क्षेत्र में विरोध प्रदर्शनों तथा भीड़ भड़काने में उनकी भूमिका पुख्ता सबूतों के साथ सामने आई है। उन्होंने चुनावी अनुभव और कानूनी समझ का उपयोग कर अशांति फैलाने की योजना बनाई थी।
गिरफ्तारी के समय मोफक्करुल इस्लाम उड़ान भरने की तैयारी में थे। पुलिस के मुताबिक, उनकी तलाश पुख्ता सबूत मिलने के बाद से ही चल रही थी। फिलहाल वे पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि हिंसा किसी गहरी साजिश का हिस्सा थी या अचानक भड़का हुआ आक्रोश था।
एक वीडियो में मोफक्करुल इस्लाम आक्रामक तेवर में जिले के आला अधिकारियों को ललकारते नजर आए थे, जिसमें उन्होंने कहा था, “ओए डीएम, ओए एसपी.. सीआईडी कहां हो? आईबी कहां है? तुम सब कहां हो? यहां आओ…”। इस घटना से मालदा क्षेत्र में हिंसा के पीछे सक्रिय राजनीतिक गठजोड़ उजागर हुआ है।
