मणिपुर। मणिपुर में 25 मार्च 2026 को सुबह 11:40 बजे फौगाकचाओ अवांग लीकाई स्थित फौलजांग/गोथोल के पास भारतीय सेना की एक चौकी पर संदिग्ध हथियारबंद कुकी उग्रवादियों ने गोलीबारी कर दी। उग्रवादियों की इस फायरिंग के बाद सुरक्षा बलों के साथ लगभग 30 मिनट तक मुठभेड़ चली।
भारतीय सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 58वीं बटालियन ने उग्रवादियों की गोलीबारी का जवाब दिया। इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।26 मार्च 2026 की सुबह से भारतीय सेना, CRPF, मणिपुर पुलिस और भारतीय रिजर्व बटालियन (IRB) ने गोलीबारी वाले इलाके तथा आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है। मणिपुर पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बल स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और अभियान जारी रहेगा।
पुलिस के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही। इससे पहले पटसोई इलाके से यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया और इंफाल पश्चिम जिले में अवैध रूप से बनाए गए छह बंकरों को ध्वस्त कर दिया गया।
