नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर अब बॉलीवुड फिल्मों पर भी पड़ रहा है। शाह रुख खान की फिल्म ‘किंग’ का दुबई शेड्यूल पहले ही रद्द हो चुका है। अब अक्षय कुमार अभिनीत मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का दुबई शेड्यूल भी कैंसिल कर दिया गया है।
फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में एक ग्लैमरस गाने की शूटिंग दुबई में प्रस्तावित थी, जिसमें अमीरों की लग्जरी लाइफ को दिखाया जाना था। टीम ने लगभग एक महीने तक स्थितियों के सुधरने का इंतजार किया, लेकिन युद्ध की वजह से दुबई शेड्यूल रद्द करना पड़ा। अब इस गाने की शूटिंग मुंबई में की जाएगी।
मुंबई में शूटिंग के लिए मड आइलैंड, गोल्डन टोबैको स्टूडियो और गोरेगांव फिल्म सिटी में लोकेशंस चुने गए हैं। प्रोडक्शन डिजाइनर शैलेश म्हादिक ने नाइट क्लब, कैसिनो और प्राइवेट जेट्स वाले सेट तैयार किए हैं। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, आरशद वारसी, रवीना टंडन और परेश रावल मुख्य भूमिकाओं में हैं।फिल्म की रिलीज 26 जून 2026 को तय की गई है। पहले इसे 2024 और फिर 2025 में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब तारीख आगे बढ़ गई है। कलाकारों की डेट्स दोबारा अलाइन करना मुश्किल होने के कारण शेड्यूल रद्द करने का फैसला लिया गया।
