रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को इटली पहुंचे। रोम पहुंचने के बाद उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने साथ में डिनर किया। इस दौरान कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। इसके बाद मोदी और मेलोनी ने रोम के ऐतिहासिक कोलोसियम का दौरा भी किया। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर मोदी के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘वेलकम टु रोम, माय फ्रेंड’। पीएम मोदी ने बताया कि आज होने वाली औपचारिक बातचीत में भारत-इटली दोस्ती को और मजबूत करने पर चर्चा जारी रहेगी। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, एडवांस टेक्नोलॉजी और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
व्यापार और निवेश पर रहेगा विशेष फोकस
भारत और इटली के बीच पिछले कुछ वर्षों में व्यापारिक संबंध तेजी से मजबूत हुए हैं। दोनों देश ऑटोमोबाइल, मशीनरी, रक्षा उपकरण, फैशन, खाद्य प्रसंस्करण और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस बार की बातचीत में विशेष रूप से व्यापार और निवेश को बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, जबकि इटली यूरोप की प्रमुख औद्योगिक शक्तियों में गिना जाता है। ऐसे में दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकती है।
भारतीय कंपनियां इटली में निवेश बढ़ाने में रुचि दिखा रही हैं, वहीं कई इतालवी कंपनियां भारत के विशाल बाजार में अवसर तलाश रही हैं। माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच नई व्यापारिक साझेदारियों और निवेश समझौतों पर भी चर्चा हो सकती है।
.हां यह बताना अति आवश्यक हैं कि, प्रधानमंत्री मोदी की यह इटली यात्रा केवल एक औपचारिक दौरा नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे भारत और यूरोप के बीच मजबूत होते रिश्तों के महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच होने वाली औपचारिक वार्ताओं से कई बड़े फैसले और नई साझेदारियां सामने आ सकती हैं।
