पटना। पटना के गांधी मैदान में गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच गर्मजोशी भरी मुलाकात देखने को मिली। मंच पर प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज नेता मौजूद थे।
जैसे ही नीतीश कुमार मंच के करीब पहुंचे, प्रधानमंत्री मोदी की नजर उन पर पड़ी। मोदी ने इशारे से उन्हें पास बुलाया। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और कुछ क्षण बातचीत भी की। इस दौरान माहौल बेहद आत्मीय और सहज नजर आया।
हाथ मिलाने के बाद नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी के कंधे पर हाथ रखा और हल्के से उसे हिलाया। यह दृश्य देखते ही गांधी मैदान में मौजूद लोगों की नजरें उसी ओर टिक गईं। नीतीश कुमार इस दौरान कुछ समय के लिए भावुक भी नजर आए। इस मुलाकात ने बिहार की राजनीति की पुरानी तस्वीरें फिर से जीवंत कर दीं। दोनों नेताओं के बीच दिखी यह सहजता पुराने राजनीतिक संबंधों की गर्माहट को याद दिलाती रही।
