शिवपुरी। मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष सदस्यता अभियान शुरू किया है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शिवपुरी के तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत नए सदस्य बनने वाले किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर कृषि लोन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बुवाई के मौसम में उधार पर खाद, उन्नत बीज और कीटनाशक भी उचित मूल्य पर दिए जाएंगे।
अभियान की शुरुआत मई के मध्य में हुई थी, लेकिन किसानों की बढ़ती मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इसकी अवधि एक महीने बढ़ा दी है। अब किसान जून महीने के अंत तक आवेदन कर सकते हैं। बी-पैक्स के माध्यम से नए सदस्य बनाए जा रहे हैं और किसान अपनी जमीन के रकबे के आधार पर लोन लिमिट का लाभ उठा सकेंगे।
अंत में चलते चलते बता दें कि, मध्य प्रदेश सरकार का यह प्रयास केवल किसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका व्यापक प्रभाव ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है। जब किसानों को सस्ती दरों पर ऋण और कृषि संसाधन उपलब्ध होंगे तो खेती की गतिविधियां बढ़ेंगी, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और स्थानीय बाजारों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।सरकार और सहकारी संस्थाओं को उम्मीद है कि यह सदस्यता अभियान कृषि क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करेगा और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। जून के अंत तक चलने वाला यह अभियान अधिक से अधिक किसानों को सहकारी तंत्र से जोड़ने और कृषि विकास को गति देने में अहम भूमिका निभा सकता है।
