नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के विरोध को दबाने के लिए भाजपा शासित राज्य सरकारें युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसा रही हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस तब तक नहीं रुकेगी जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और देश में पेपर लीक रोकने के लिए एक मजबूत एवं सुरक्षित सिस्टम नहीं बन जाता। उन्होंने यह लड़ाई उन सभी छात्रों के लिए बताई जिनका भविष्य इस नाकाम सरकार ने चुरा लिया है।
यहां यह बताते चले कि, जयपुर में नीट पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई का वीडियो साझा करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि जब मोदी जी इटली में रील्स बना रहे थे, तब पेपर लीक से प्रभावित युवा सड़कों पर न्याय की मांग कर रहे थे। कई छात्रों ने अपनी जान तक गंवा दी, लेकिन सरकार ने न जिम्मेदारी ली और न ही धर्मेंद्र प्रधान को हटाया।
कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में 100 से ज्यादा परीक्षा लीक और घोटाले हुए हैं। उन्होंने पेपर लीक को अब प्रशासनिक चूक नहीं बल्कि व्यवस्था का नया सामान्य स्वरूप बताया।
