समाचार मिर्ची

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच शनिवार को पटना में जदयू की महत्वपूर्ण बैठक हुई। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस बैठक में पार्टी के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं में फैले असमंजस को दूर करना और उन्हें आश्वस्त करना था।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट कहा कि राज्यसभा जाने के बावजूद वे बिहार की राजनीति और प्रशासन से दूर नहीं होंगे। उन्होंने कहा, “आप लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी। हम बिहार में भी रहेंगे। सारा काम होते रहेगा। आप लोग चिंता मत करिए। हम राज्यसभा जा रहे हैं, लेकिन सब कुछ देखते रहेंगे।” नीतीश कुमार ने जोर दिया कि पार्टी और सरकार का कार्य सामान्य रूप से जारी रहेगा तथा वे सभी गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ जदयू नेता ललन सिंह ने बैठक से पहले कहा कि नीतीश कुमार अपने फैसले खुद लेते हैं और किसी के दबाव में नहीं आते। उन्होंने बताया कि अगला मुख्यमंत्री भी नीतीश कुमार ही तय करेंगे तथा पार्टी पूरी तरह एकजुट है। बैठक के बाद पार्टी नेतृत्व ने कहा कि बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार की भूमिका महत्वपूर्ण बनी रहेगी और पार्टी उनके नेतृत्व में आगे बढ़ेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version