Skip to main content

समाचार मिर्ची

हैदराबाद। हैदराबाद की साइबर क्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एआई द्वारा तैयार किए गए आपत्तिजनक एडिटेड वीडियो के मामले में मेटा इंडिया हेड अरुण श्रीनिवास और कई सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई तेलंगाना के दो निवासियों की शिकायत पर की गई है, जिनमें 29 वर्षीय व्यवसायी एस. अरविंद रेड्डी और तेलंगाना भाजपा कार्यकर्ता टी. साईकिरण गौड़ शामिल हैं।

इस संबंध में शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इंस्टाग्राम ब्राउज करते समय उन्हें कई मॉर्फ्ड और डिजिटल रूप से हेरफेर किए गए वीडियो तथा छवियां मिलीं, जिनमें प्रधानमंत्री को अश्लील, अपमानजनक और गुमराह करने वाले तरीके से चित्रित किया गया था। शिकायत में कहा गया है कि इन सामग्रियों में आपत्तिजनक भाषा, उपहास और अभद्र टिप्पणियां शामिल हैं, जिससे उनकी आपत्तिजनक प्रकृति और बढ़ जाती है तथा व्यापक प्रसार को बढ़ावा मिलता है। ऐसा प्रतीत होता है कि सामग्री को डिजिटल रूप से एडिट किया गया है या एआई द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। एआई जनित सामग्री से सामाजिक शांति बिगड़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स के हैंडलर्स को आरोपी बनाया गया है, जबकि मेटा के इंडिया हेड को दोनों मामलों में सह-आरोपी के रूप में नामजद किया गया है।

यहां अंत में यह बताते चले कि, विवाद के बाद मेटा ने भारत सरकार को पत्र लिखकर वीआईपी अकाउंट्स की निगरानी बढ़ाने और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कंटेंट की जांच कराने का भरोसा दिया है। मेटा ने प्रधानमंत्री मोदी सहित प्रमुख खातों के लिए सुरक्षा उपाय बढ़ाए हैं। अब ऐसे वीआईपी पदों की जांच और समीक्षा मेटा के सीनियर अधिकारी ही करेंगे। सामग्री विनियमन और अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए मेटा की टीम इस सप्ताह सरकार से मुलाकात करेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version