Skip to main content

समाचार मिर्ची

लखनऊ। प्रतीक यादव के निधन के बाद यादव परिवार गहरे सदमे में है। असम से लौटते ही उनकी पत्नी अपर्णा यादव सीधे लखनऊ स्थित कालिदास मार्ग आवास पहुंचीं। वहां कुछ देर बाद अखिलेश यादव भी पहुंचे। अपर्णा यादव और अखिलेश यादव के बीच बंद कमरे में बातचीत हुई, जबकि पूरा परिवार बाहर खड़ा रहा।

अपर्णा यादव के पहुंचने के कुछ ही मिनटों बाद प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर एंबुलेंस से आवास पहुंचा। परिवार के सदस्य एक-दूसरे को संभालने की कोशिश करते नजर आए। अखिलेश यादव ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान कई भावुक दृश्य देखने को मिले। गुरुवार सुबह 11 बजे बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अंतिम संस्कार की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि अत्यंत दुःख के साथ सूचित किया जाता है कि पद्म विभूषण और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के सुपुत्र प्रतीक यादव जी का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे होगा। उन्होंने गरिमामयी उपस्थिति की अपील की।

पोस्टमार्टम हाउस से निकलते समय अखिलेश यादव भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि प्रतीक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक थे और फिटनेस पर ध्यान रखते थे। पूरा परिवार इस समय एकजुट है। सपा और भाजपा दोनों दलों के नेता परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धांजलि दी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version