पंजाब में 104 शहरी निकायों के चुनाव के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू हो गई है। राज्यभर में 115 काउंटिंग सेंटरों पर वोटों की गिनती चल रही है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इन चुनावों में 8 नगर निगम, 75 नगर काउंसिल और 21 नगर पंचायत शामिल हैं। मतदान 26 मई को हुआ था।
दोपहर तक ज्यादातर निकायों के रुझान साफ हो जाने की उम्मीद है। चुनाव आयोग ने आम जनता की सुविधा के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर वार्ड और जिले के अनुसार लाइव परिणाम अपडेट करने की व्यवस्था की है।फिरोजपुर में शुरुआती नतीजों में BJP ने 5 घोषित वार्डों में से 3 पर जीत दर्ज की है, जबकि एक सीट AAP और एक कांग्रेस के खाते में गई है। निकाय चुनावों को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल माना जा रहा है।
नगर काउंसिल चुनाव के दौरान रायकोट में कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा पर हमला हुआ था, जिसमें वे घायल हो गए। कांग्रेस ने AAP विधायक हाकम ठेकेदार के समर्थकों पर आरोप लगाया है। मतगणना केंद्रों पर पुलिस बल तैनात है और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखी गई है।
इन चुनावों के जरिए शहरी विकास, सफाई व्यवस्था, सड़क, पानी, सीवरेज और स्थानीय प्रशासन जैसे मुद्दों पर जनता का रुख भी सामने आएगा। शहरी निकायों की भूमिका सीधे तौर पर आम नागरिकों की रोजमर्रा की सुविधाओं से जुड़ी होती है, इसलिए इन चुनावों को स्थानीय शासन के लिहाज से भी काफी अहम माना जाता है।
अब सबकी नजर अंतिम परिणामों पर टिकी हुई है। यह देखना दिलचस्प होगा कि पंजाब की जनता किस राजनीतिक दल पर सबसे ज्यादा भरोसा जताती है और कौन-सा दल आगामी विधानसभा चुनावों से पहले अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में सफल रहता है। शुरुआती रुझानों ने राज्य की राजनीति में नई चर्चा जरूर शुरू कर दी है, लेकिन अंतिम तस्वीर परिणाम आने के बाद ही साफ होगी।
