ओडिशा। ओडिशा के पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में दोल पूर्णिमा पर भगदड़ जैसे हालात बने, कई श्रद्धालु घायल हो गए। मंगलवार को दोल पूर्णिमा के अवसर पर भारी भीड़ उमड़ने से मंदिर परिसर में अचानक अफरा-तफरी मच गई। दोल बेदी क्षेत्र के पास धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे कुछ श्रद्धालु गिर पड़े और चीख-पुकार मच गई। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हुए।
भारी भीड़ के दबाव और संकरी जगह में एक साथ आगे बढ़ने की कोशिश से यह स्थिति उत्पन्न हुई। दोपहर बाद श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ गई, जिससे व्यवस्था चरमरा गई। सुरक्षाकर्मियों, मंदिर प्रशासन के अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और बाहर निकालने में मदद की। घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान कर नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
प्रशासन ने स्थिति संभाल ली है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। मंदिर प्रशासन ने कहा कि अब स्थिति नियंत्रण में है तथा श्रद्धालुओं से संयम बरतने की अपील की गई है। दोल पूर्णिमा पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान और दर्शन के लिए राज्य व बाहर से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन इस बार अनुमान से अधिक भीड़ के कारण ऐसी स्थिति बनी।
