सतना। केन्द्रीय जेल सतना में डिप्टी जेलर फिरोजा खातून ने इसी जेल के सजायाफ्ता रहे कैदी धर्मेन्द्र सिंह से शादी कर ली है। 5 मई को छतरपुर में हिन्दू रीति-रिवाज से दोनों का विवाह हुआ। यह प्रेम कहानी अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है।धर्मेन्द्र सिंह पर 2007 में छतरपुर जिले के चंदला में नगर परिषद उपाध्यक्ष कृष्णदत्त दीक्षित की हत्या का मामला था। अदालत ने उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी और उन्हें सतना जेल भेजा गया। जेल में अच्छे चाल-चरित्र के कारण उन्हें वारंट शाखा में सहायक के रूप में काम सौंपा गया था, जहां वे कैदियों की आमद-रिहाई संबंधी दस्तावेज संभालते थे।
रीवा जिले की निवासी फिरोजा खातून पटवारी रहते PSC परीक्षा पास कर डिप्टी जेलर बनीं। उन्हें सतना जेल के वारंट शाखा का प्रभार मिला। कार्यालय में दोनों की मुलाकातें बढ़ीं और धीरे-धीरे अपनत्व प्रेम में बदल गया। तीन साल पहले अच्छे आचरण के आधार पर धर्मेन्द्र सिंह को जेल से रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद भी दोनों का संपर्क जारी रहा।
दोनों के अलग-अलग धर्म होने के बावजूद शादी का फैसला हुआ। फिरोजा ने हिन्दू रीति-रिवाज अपनाए। उनके परिवार का समर्थन नहीं मिलने पर जेल में निर्माण कार्य के ठेकेदार और बजरंग दल पदाधिकारी राजबहादुर ने कन्यादान किया तथा उनके साथी सचिन शुक्ला ने भाई का दायित्व निभाया। शादी छतरपुर में संपन्न हुई।
