नई दिल्ली। सोमवार को शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत जोरदार तेजी के साथ हुई। अमेरिका से आई एक खबर के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में यह उछाल देखने को मिला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स खुलने के साथ ही 600 अंक से ज्यादा छलांग लगा गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की निफ्टी भी 180 अंक के आसपास की तेजी लिए दिखा। इंडिगो, इंफोसिस, ईटरनल जैसे शेयरों के साथ बैंकिंग स्टॉक्स भी धुआंधार तेजी के साथ आगे बढ़े।
यूएस-ईरान युद्ध पर आए ताजा अपडेट के बाद यह तेजी आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कूटनीतिक समाधान के लिए फिलहाल आगे के हमलों पर रोक लगाई है। अमेरिका के राजदूत ने भी कहा कि बातचीत को मौका देने के लिए यह कदम उठाया गया है। यूएस-ईरान युद्ध में 13 दिनों की जोरदार जंग के बाद अब हमले रुके हुए हैं।
सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,059 की तुलना में तेजी लेकर 76,608 पर खुला और फिर कुछ ही मिनटों में 76,696 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। निफ्टी भी पिछले शुक्रवार के बंद 23,767 के मुकाबले बढ़त लेकर 23,928 पर ओपन हुआ और फिर उछलकर 23,964 पर कारोबार करता दिखा।बीएसई की लार्जकैप श्रेणी में इंडिगो शेयर 3.80 प्रतिशत, इंफोसिस 3.20 प्रतिशत, ईटरनल 2.90 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 2.54 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.38 प्रतिशत और टीसीएस 2.40 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। टेक महिंद्रा, ट्रेंट और मारुति जैसे बड़े शेयर भी उछाल के साथ कारोबार कर रहे थे।
शेयर बाजार में तेजी के पीछे ग्लोबल कारणों में यूएस-ईरान में नए सिरे से शुरू हुई जंग में अमेरिका की ओर से 13 रातों के लगातार हमलों के बाद इन्हें रोका जाना शामिल है, जिससे ग्लोबल टेंशन कम होती नजर आ रही है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा और वे क्रैश होकर 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे पहुंच गईं। जापान से लेकर हांगकांग और ब्रिटेन तक के स्टॉक मार्केट ग्रीन जोन में कारोबार कर रहे थे। गिफ्ट निफ्टी भी 160 अंक से ज्यादा की तेजी में ट्रेड कर रहा था। शेयर बाजार का डर का पैमाना माने जाने वाला इंडिया वीआईएक्स करीब 4 प्रतिशत फिसलकर 13 के आसपास आ गया।
