नई दिल्ली। घर के किचन गार्डन में भिंडी लगाना आसान माना जाता है, लेकिन कई बार फली सीधी न होकर टेढ़ी-मेढ़ी निकलती है। ऐसी फली देखने में अच्छी नहीं लगती, खाने में उतनी स्वादिष्ट नहीं होती और बाजार में भी सही दाम नहीं मिल पाता। यह समस्या कीड़ों के हमले, पानी की कमी और पोषण की कमी की वजह से होती है। सही समय पर कारण समझकर इसे आसानी से रोका जा सकता है।भिंडी की फली टेढ़ी होने का सबसे बड़ा कारण फल छेदक कीट है। यह कीट बारिश के मौसम में सबसे ज्यादा हमला करता है। शुरुआत में इसकी छोटी इल्लियां पौधे के नरम तने में छेद करके अंदर घुस जाती हैं, जिससे तना सूखने लगता है। इसके बाद यही कीट फूलों पर हमला करता है, जिससे फूल कमजोर होकर गिरने लगते हैं। जो फूल बच जाते हैं और फली बनाते हैं, उनमें भी कीट छेद करके अंदर का हिस्सा खा जाता है, जिससे फली टेढ़ी-मेढ़ी और बेढंगी हो जाती है। ऐसी फली का स्वाद भी बिगड़ जाता है।
यहां हम आपको बताते चले कि, पानी सही समय पर न मिलना भी एक वजह है। अगर पौधे को कभी बहुत ज्यादा पानी दिया जाए और कभी कई दिनों तक पानी न मिले, तो तनाव पड़ता है और फली का बढ़ना ठीक तरह से नहीं हो पाता। गमले या किचन गार्डन में मिट्टी सूखी लगे तभी पानी देना चाहिए, ताकि जड़ों में पानी जमा न हो। मिट्टी में बोरॉन और कैल्शियम जैसे पोषक तत्वों की कमी से भी फली का आकार बिगड़ जाता है। ये तत्व फूल और फली के सही विकास के लिए जरूरी हैं। समय-समय पर जैविक खाद और जरूरी पोषक तत्व देते रहना चाहिए।बहुत से लोग भिंडी की तुड़ाई सही समय पर नहीं करते, जिससे फली टेढ़ी और सख्त हो जाती है। ज्यादा पकने पर रेशे बन जाते हैं और आकार बिगड़ जाता है। इसलिए भिंडी को छोटी और कोमल रहते हुए ही तोड़ना चाहिए। सामान्य तौर पर फूल आने के चार-पांच दिन बाद फली तोड़ लेनी चाहिए, जिससे नई फली भी जल्दी आने लगती है।
टेढ़ी फली से बचने के लिए कीड़ों पर नजर रखें और प्रभावित तने-फूल को तुरंत तोड़कर हटा दें। नीम के तेल का हल्का छिड़काव कीड़ों को दूर रखने में मदद करता है। पौधे को नियमित लेकिन सीमित मात्रा में पानी दें, मिट्टी में जैविक खाद मिलाते रहें और आसपास खरपतवार साफ रखें। समय-समय पर तुड़ाई करते रहें। इन सावधानियों से किचन गार्डन में सीधी और स्वादिष्ट भिंडी उगाई जा सकती है।
फल छेदक कीट बन सकता है बड़ी वजह
भिंडी की फलियों के टेढ़े-मेढ़े होने का एक प्रमुख कारण कीटों का प्रकोप हो सकता है। खासकर बारिश और उमस वाले मौसम में पौधों पर कीटों की निगरानी जरूरी हो जाती है। फल छेदक या शूट एवं फल बोरर जैसे कीट पौधे के कोमल हिस्सों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
शुरुआती अवस्था में कीट की छोटी इल्ली पौधे के नरम तने में छेद करके अंदर जा सकती है। इससे पौधे के प्रभावित हिस्से की वृद्धि प्रभावित होती है और कभी-कभी तना कमजोर होकर सूखने भी लगता है। इसके बाद कीट फूलों और विकसित हो रही फलियों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
अंत में बता दें कि, इस तरह भिंडी की टेढ़ी-मेढ़ी फलियों को केवल एक सामान्य समस्या मानकर नजरअंदाज करने के बजाय उसके पीछे के कारण को समझना जरूरी है। कीट प्रबंधन, पानी का संतुलन, मिट्टी का पोषण और सही समय पर तुड़ाई—इन चारों पर ध्यान देकर घर के छोटे से किचन गार्डन में भी भिंडी के पौधों की बेहतर देखभाल की जा सकती है।
