मुंबई। महाराष्ट्र की शहरी राजनीति के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। राज्य की 29 नगर निगमों में मतदान जारी है, जिसमें देश की सबसे अमीर और सबसे बड़ी महानगरपालिका बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का चुनाव सबसे ज्यादा सुर्खियों में है। 2017 के बाद पहली बार बीएमसी चुनाव हो रहे हैं और यह चुनाव 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद राजनीतिक दलों की असली ताकत का इम्तिहान ले रहा है। मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ और शाम 5:30 बजे तक चलेगा। मतगणना कल 16 जनवरी को होगी।
हमआपको ये भी बता दें कि, चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए कई कदम उठाए हैं। महिलाओं द्वारा संचालित ‘पिंक पोलिंग बूथ’ बनाए गए हैं, जहां महिला मतदाताओं को विशेष सहायता मिल रही है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। ईवीएम और वीवीपैट की जांच पहले से पूरी की जा चुकी है।
गौरतलब हैं कि, यह चुनाव महाराष्ट्र की राजनीति के लिए निर्णायक माना जा रहा है। 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद एकनाथ शिंदे गुट ने बीजेपी के साथ गठबंधन कर महायुति बनाई और पिछले साल के विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल की। अब बीएमसी में महायुति (बीजेपी-शिंदे शिवसेना) अपनी बढ़त को और मजबूत करना चाहती है। वहीं, उद्धव ठाकरे अपनी शिवसेना (यूबीटी) के साथ मनसे के राज ठाकरे के गठबंधन में मुंबई में वापसी की कोशिश कर रहे हैं। ठाकरे बंधुओं (उद्धव और राज) का यह गठबंधन मराठी अस्मिता, हिंदुत्व और स्थानीय मुद्दों पर केंद्रित है।
जानकारी देदें कि, बीएमसी का बजट 74,000 करोड़ रुपये से अधिक है और यह एशिया की सबसे अमीर सिविक बॉडी है। यहां के चुनाव न केवल स्थानीय विकास, साफ-सफाई, जलापूर्ति, सड़कें और बुनियादी ढांचे से जुड़े हैं, बल्कि राज्य स्तर की राजनीति को भी प्रभावित करते हैं। अन्य 28 नगर निगमों में भी हाई-वोल्टेज मुकाबला है – ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली, पुणे, पिंपरी-चिंचवड़, नासिक, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर आदि प्रमुख हैं।
बता दें कि, अभी तक कोई बड़ी घटना की सूचना नहीं है, लेकिन कुछ जगहों पर ईवीएम में मामूली तकनीकी समस्या की शिकायतें आई हैं, जिन्हें तुरंत ठीक किया गया। शाम तक मतदान प्रतिशत में सुधार की उम्मीद है। मतदाताओं से अपील है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लें और अपने शहर के भविष्य को तय करें। लाइव अपडेट्स जारी रहेंगे – शाम के आंकड़े, प्रमुख इलाकों की स्थिति और किसी भी घटना पर नजर रखी जा रही है।
