मुंबई दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कारों में से एक ऑस्कर अवॉर्ड्स (अकादमी अवॉर्ड्स) के लिए 98वें संस्करण की तैयारी जोरों पर है। इस बार मराठी सिनेमा ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मराठी फिल्म ‘दशावतार’ को ऑस्कर 2026 की कंटेंशन लिस्ट (contention list) में शामिल किया गया है। यह पहली मराठी फिल्म है जो ऑस्कर की मुख्य ओपन फिल्म कैटेगरी में जगह बनाने में सफल हुई है।
‘दशावतार’ 2025 में रिलीज हुई सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मराठी फिल्म है। सितंबर 2025 में रिलीज होने के बाद इसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया और 28 करोड़ से अधिक की कमाई की। यह 2025 की सबसे सफल मराठी फिल्म साबित हुई। फिल्म को IMDb पर 7.7 की रेटिंग मिली है। इसके अलावा, यह पहली मराठी फिल्म है जिसे मलयालम में डब करके केरल में रिलीज किया गया।
बता दें कि, यह उपलब्धि मराठी सिनेमा के लिए मील का पत्थर है। अब तक मराठी फिल्में मुख्य रूप से विदेशी भाषा श्रेणी (International Feature Film) में भारत का प्रतिनिधित्व करती रहीं हैं, लेकिन ‘दशावतार’ मुख्य ओपन कैटेगरी में चुनी गई है, जहां यह वैश्विक स्तर की फिल्मों से सीधे मुकाबला करेगी। यह क्षेत्रीय सिनेमा की वैश्विक पहचान का प्रमाण है।
जानकारी दे दें कि, यह उपलब्धि मराठी सिनेमा के कलाकारों, निर्देशकों और टीम के अथक प्रयासों का फल है। अब सभी की नजर इस पर है कि क्या ‘दशावतार’ नामांकन तक पहुंचकर भारत का नाम और ऊंचा कर पाएगी। मराठी सिनेमा ने साबित कर दिया है कि अच्छी कहानी और मजबूत प्रस्तुति किसी भी भाषा की सीमा नहीं मानती। यह उपलब्धि क्षेत्रीय सिनेमा को नई ऊर्जा देगी और युवा फिल्ममेकर्स को प्रेरित करेगी
