सिंगरौली / भोपाल:मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक बेहद दर्दनाक और खाकी को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सिंगरौली एसबी (स्पेशल ब्रांच) में पदस्थ आरक्षक (चालक) राकेश गांगले ने मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। मूल रूप से खरगौन के रहने वाले राकेश गांगले की मौत के पीछे का कारण ट्रांसफर न होना बताया जा रहा है।
सुसाइड नोट में छलकी दर्द भरी दास्तान
घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने भोपाल में बैठे आला अधिकारियों पर उनके ट्रांसफर आवेदन को लगातार नजरअंदाज करने का गंभीर आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में राकेश गांगले ने अपनी मार्मिक व्यथा व्यक्त करते हुए बीमार पिता की देखरेख और विवाह योग्य बेटी की चिंता का जिक्र किया है। एक पुलिसकर्मी, जो दिन-रात जनता की सुरक्षा और व्यवस्था में तैनात रहता है, जब अपनों के बीच सिस्टम के आगे इस तरह बेबस हो जाए, तो यह पूरी व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।
विशेष नोट: समाचार मिर्ची इस वायरल सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है। लेकिन यदि यह सच है, तो यह हम सभी के लिए—समाज को भी और इस सिस्टम को भी—गंभीरता से सोचने पर मजबूर करता है कि क्या संवेदनशीलता अब हमारे महकमे और व्यवस्था से पूरी तरह गायब हो चुकी है? एक जिम्मेदार पिता और बेटे की ऐसी बेबसी किसी भी परिवार पर न आए।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। साथियों और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और शोकसंतप्त परिवार को यह वज्रपात सहने की शक्ति प्रदान करे।
