धनबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का तीसरा चरण 30 जून से शुरू हो रहा है। इस दौरान ब्लॉक लेवल अधिकारी (बीएलओ) 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। पात्र मतदाताओं को अपने दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है। इस अभियान में मतदाताओं को दो कॉपी गणना प्रपत्र दिए जाएंगे, जिन्हें भरकर बीएलओ को वापस करना होगा।झारखंड सहित देश के 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में यह SIR अभियान चलेगा। धनबाद जिले में रविवार तक कुल 21 लाख 15 हजार 997 मतदाताओं में से 76 प्रतिशत की मैपिंग पूरी हो चुकी है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार करीब 16 लाख मतदाताओं का सत्यापन और मैपिंग कार्य पूरा हो गया है, जबकि लगभग 5 लाख मतदाताओं की मैपिंग अभी शेष है।
मैपिंग के दौरान जिले में 3 लाख 73 हजार 407 मतदाताओं के रिकॉर्ड में विभिन्न विसंगतियां पाई गई हैं। इनमें सिंदरी विधानसभा क्षेत्र में 75,884, निरसा में 69,806, धनबाद में 60,607, झरिया में 50,770, टुंडी में 63,873 और बाघमारा में 52,467 मतदाता शामिल हैं।जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग सभी छूटे हुए मतदाताओं का समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान शेष मतदाताओं की मैपिंग भी जारी रहेगी। अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मतदाता ceo.jharkhand.gov.in वेबसाइट पर 2003 की मतदाता सूची, मतदान केंद्र, बीएलओ की जानकारी और अनमैप्ड मतदाताओं की सूची देख सकते हैं। किसी भी शिकायत के लिए 1950 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है। जिले में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़कर 2,484 हो गई है।
दस्तावेज पहले से रखें तैयार
जिला निर्वाचन प्रशासन ने मतदाताओं को सलाह दी है कि सत्यापन के समय आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखें, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो। सही और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने से मतदाता सूची में सुधार करने में आसानी होगी।
यदि किसी मतदाता के विवरण में कोई बदलाव हुआ है या रिकॉर्ड में कोई त्रुटि है, तो उसका भी सत्यापन इसी प्रक्रिया के दौरान किया जाएगा।
मतदाताओं से सहयोग की अपील
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि जब बीएलओ उनके घर पहुंचें तो आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराएं। साथ ही गणना प्रपत्र को सही ढंग से भरकर समय पर वापस करें।
प्रशासन का मानना है कि व्यापक जनसहयोग से मतदाता सूची अधिक सटीक और अद्यतन बनेगी, जिससे भविष्य में होने वाली निर्वाचन प्रक्रिया को भी सुचारु रूप से संचालित करने में सहायता मिलेगी। आगामी दिनों में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य जारी रहेगा और शेष मतदाताओं की मैपिंग भी इसी अभियान के दौरान पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
