Skip to main content

समाचार मिर्ची

कोलंबो।आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 अब अपने निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुका है। सुपर-8 स्टेज का पहला मुकाबला आज शाम को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह रोमांचक भिड़ंत श्रीलंका के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 7 बजे भारतीय समयानुसार (स्थानीय समयानुसार भी 7 बजे) शुरू होगी। टॉस शाम 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में मजबूत प्रदर्शन के बाद यहां पहुंची हैं और अब खिताब की दावेदारी को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगी।

यहां यह जानकारी हो कि, ग्रुप स्टेज का सफर दोनों टीमों के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। पाकिस्तान ने ग्रुप ए में चार मैच खेले, जिसमें तीन जीत हासिल की। उन्होंने नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया को हराया, लेकिन भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस जीत की बदौलत पाकिस्तान ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर सुपर-8 में पहुंचा। वहीं न्यूजीलैंड ने भी ग्रुप डी में तीन जीत दर्ज कीं। उन्होंने अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा को मात दी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका से हार गए। कीवी टीम भी ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही और सुपर-8 में जगह बनाई।

यह भी बता दें कि, टी-20 इंटरनेशनल में दोनों टीमों के बीच अब तक 49 मैच खेले जा चुके हैं। पाकिस्तान ने 24 मैच जीते, न्यूजीलैंड को 23 में सफलता मिली, जबकि दो मुकाबले बेनतीजा रहे। कुल मिलाकर आंकड़े लगभग बराबर हैं। लेकिन टी-20 विश्व कप के इतिहास में पाकिस्तान का पलड़ा पूरी तरह भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 7 विश्व कप मुकाबले हुए, जिनमें पाकिस्तान ने 5 जीते और न्यूजीलैंड को सिर्फ 2 में जीत मिली। खासकर 2009 और 2022 के सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। यह इतिहास आज के मैच में पाकिस्तान को मनोवैज्ञानिक बढ़त दे सकता है।

चलते चलते बता दें कि, क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मैच टी-20 का असली रोमांच लेकर आ रहा है। दोनों टीमें डार्क हॉर्स मानी जा रही हैं और खिताब की दावेदारी पेश कर सकती हैं। पाकिस्तान के प्रशंसक फरहान और बाबर पर नजर रखेंगे, जबकि न्यूजीलैंड के फैंस साइफर्ट और फर्ग्यूसन की फॉर्म पर भरोसा करेंगे। मैच का लाइव प्रसारण विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध होगा।यह मुकाबला न केवल दोनों टीमों के लिए, बल्कि पूरे टूर्नामेंट के लिए माहौल तय करेगा। क्या पाकिस्तान अपनी विश्व कप परंपरा को जारी रखेगा या न्यूजीलैंड बदला लेगा? आज शाम का इंतजार सभी क्रिकेट प्रेमियों को है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version