Skip to main content

समाचार मिर्ची

तमिलनाडु। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को घोषणा की कि जनवरी में आने वाले पोंगल त्योहार से शुरू होने वाली नई अन्नपूर्णी सुपर 6 योजना के तहत घर की महिला मुखियाओं को हर साल तीन मुफ्त एलपीजी सिलिंडर दिए जाएंगे। इस कल्याणकारी कार्यक्रम पर सालाना लगभग 4,000 करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा। इससे राज्य भर के 1.30 करोड़ से ज्यादा पात्र परिवारों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर सिस्टम के जरिए फायदा मिलेगा।

विधानसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना में वे परिवार शामिल होंगे जिनकी सालाना आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, छोटे और सीमांत किसानों के परिवार तथा दिव्यांग व्यक्तियों के परिवार भी इसमें शामिल होंगे। तेल मार्केटिंग कंपनियों की आधिकारिक बिलिंग के आधार पर बुकिंग और डिलीवरी होने पर कुकिंग गैस सिलेंडर की लागत का पैसा वापस किया जाएगा और सीधे परिवार की महिला मुखिया के बैंक खाते में जमा कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में संघर्षों के कारण ग्लोबल सप्लाई में रुकावट और कीमतों में बढ़ोतरी से पिछले चार महीनों में परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है। आर्थिक तंगी के बावजूद सरकार ने जनता पर आर्थिक बोझ कम करने और वादे को पूरा करने के मकसद से यह फैसला लिया है। योजना पोंगल त्योहार से लागू की जाएगी।

अंत में जानकारी देते चले कि, सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करते हुए मुख्यमंत्री ने वेत्री पयनम योजना की भी घोषणा की। यह योजना महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर से महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों के लिए मुफ्त बस यात्रा के दायरे को बढ़ाएगी। इसके तहत महिलाएं और ट्रांसजेंडर मेट्रोपॉलिटन व शहरी इलाकों में चलने वाली एक्सप्रेस, लिमिटेड स्टॉप सर्विस और डीलक्स सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में चलने वाली सामान्य किराए वाली बसों में भी यह सुविधा मिलेगी। इस योजना पर सालाना लगभग 6,000 करोड़ रुपये का खर्च आएगा और यह बिना किसी आय सीमा या यात्राओं की संख्या पर रोक के चलाई जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version