समाचार मिर्ची

वॉशिंगटन। भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके सहकर्मी बुच विल्मोर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से पृथ्वी पर लौट रहे हैं। नासा ने मंगलवार को भारतीय समयानुसार सुबह 10:35 बजे उनके प्रस्थान की पुष्टि की। लगभग 17 घंटे की यात्रा के बाद वे फ्लोरिडा तट पर उतरेंगे। उनकी सुरक्षित वापसी का इंतजार दुनिया भर में हो रहा है, वहीं लोग उनके निजी जीवन को भी जानने के लिए उत्सुक हैं।

सुनीता की लव स्टोरी

सुनीता विलियम्स अपने पति माइकल जे विलियम्स से 1987 में मैरीलैंड के एनापोलिस स्थित नौसेना अकादमी में मिली थीं। हेलीकॉप्टर पायलट रह चुकीं सुनीता की माइकल से दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने शादी कर ली। माइकल यूएस मार्शल के रूप में कार्यरत हैं और लाइमलाइट से दूर रहते हैं। उनकी शादी को 20 साल हो चुके हैं। माइकल हिंदू रीति-रिवाजों का सम्मान करते हैं और सुनीता के आध्यात्मिक विश्वासों का समर्थन करते हैं। सुनीता अपने अंतरिक्ष मिशनों में श्रीमद्भागवद्गीता, ओम का प्रतीक और भगवान शिव की पेंटिंग ले जाती रही हैं।

सुनीता का परिवार

सुनीता और माइकल की कोई संतान नहीं है, लेकिन सुनीता ने अहमदाबाद से एक लड़की को गोद लेने की इच्छा जताई थी। इस जोड़े को पालतू जानवरों से गहरा लगाव है। उनके पास गोर्बी (जैक रसेल टेरियर, अब नहीं रहा), गनर, बेली और रोटर नामक तीन पेट्स हैं। सुनीता के पिता दीपक पांड्या गुजराती मूल के न्यूरोएनाटोमिस्ट थे, और मां बोनी पांड्या स्लोवेनियाई-अमेरिकी हैं। सुनीता अपने तीन भाई-बहनों (भाई जे थॉमस और बहन दीना अन्नाद) में सबसे छोटी हैं।

शिक्षा और बैकग्राउंड

सुनीता का जन्म ओहायो के यूक्लिड में हुआ, लेकिन वह मैसाचुसेट्स के नीधम को अपना गृहनगर मानती हैं। उन्होंने 1987 में यूएस नेवल एकेडमी से भौतिक विज्ञान में बैचलर डिग्री और 1995 में फ्लोरिडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इंजीनियरिंग मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री हासिल की।

पति और मां की राय

माइकल ने अगस्त 2024 में वॉल स्ट्रीट जर्नल को बताया कि ISS उनकी पत्नी की “खुशहाल जगह” है। वहीं, सुनीता की मां बोनी ने न्यूजनेशन को कहा, “वह अनुभवी अंतरिक्ष यात्री है, उसे सलाह की जरूरत नहीं।” सुनीता ने अपनी मां को आश्वस्त किया, “मेरी चिंता मत करो, सब ठीक होगा।”

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version