टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित हो रहा है। भारत की कप्तानी सूर्यकुमार यादव कर रहे हैं, जबकि न्यूजीलैंड पहली बार ट्रॉफी जीतने की कोशिश में उतरेगी।
भारतीय टीम अगर फाइनल में जीत हासिल करती है तो तीन बड़े इतिहास रच सकती है। पहला, टी20 विश्व कप में तीन बार चैंपियन बनने वाली पहली टीम बनेगी, क्योंकि पहले 2007 में महेंद्र सिंह धोनी और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था। दूसरा, बैक टू बैक ट्रॉफी उठाने वाली पहली टीम होगी, क्योंकि अब तक कोई भी टीम खिताब का बचाव नहीं कर पाई है। तीसरा, मेजबान टीम के रूप में खिताब जीतने वाली पहली टीम बनेगी, क्योंकि अब तक किसी होस्ट ने ट्रॉफी नहीं उठाई है।
न्यूजीलैंड की नजरें अपनी पहली टी20 विश्व कप ट्रॉफी पर टिकी हुई हैं। कीवी टीम 2021 में फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी। अब भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में मिली हार का बदला लेने का भी मौका है। अब तक इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने दो-दो बार खिताब जीता है।
