चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता विजय की पार्टी तमिलागा वेट्री कझगम (TVK) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन बहुमत साबित करने में असमर्थ होने के कारण सरकार गठन पर सस्पेंस बना हुआ है। TVK ने 108 सीटें जीती हैं, जबकि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। कांग्रेस के समर्थन के बावजूद TVK गठबंधन के पास 113 सीटें हैं।
234 सदस्यीय विधानसभा में DMK को 59 और AIADMK को 47 सीटें मिली हैं। सूत्रों के अनुसार, विजय दो सीटों पर जीत के कारण एक सीट छोड़ सकते हैं, जिससे उनकी पार्टी की संख्या 107 हो जाएगी। राज्यपाल ने TVK से बहुमत का प्रमाण मांगा है।
TVK ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि DMK और AIADMK मिलकर नई सरकार बनाने की कोशिश करते हैं तो पार्टी के सभी विधायक एक साथ इस्तीफा दे देंगे। पार्टी का कहना है कि सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते राज्यपाल को विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए।
