वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 17 दिसंबर 2025 को व्हाइट हाउस से राष्ट्र को एक महत्वपूर्ण संबोधन दिया। यह उनके दूसरे कार्यकाल के लगभग 11 महीने पूरे होने के अवसर पर दिया गया भाषण था, जिसमें उन्होंने अपनी नीतियों की उपलब्धियों को प्रमुखता से उजागर किया। ट्रम्प ने टैरिफ को अंग्रेजी भाषा का अपना ‘फेवरेट शब्द’ बताया और दावा किया कि इसी की बदौलत उन्होंने दुनिया भर में 8 युद्धों को सुलझाया या रोका है।
टैरिफ: ट्रम्प का ‘फेवरेट शब्द’ और अर्थव्यवस्था का हथियारट्रम्प ने अपने भाषण का बड़ा हिस्सा टैरिफ नीतियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि टैरिफ उनकी सबसे पसंदीदा नीति है, जिसकी वजह से अमेरिका को अपेक्षा से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। इस राजस्व से उन्होंने 14.5 लाख से अधिक सैन्य कर्मियों को क्रिसमस से पहले 1,776 डॉलर का विशेष ‘वारियर डिविडेंड’ (योद्धा बोनस) देने की घोषणा की। यह राशि अमेरिका की स्थापना वर्ष 1776 के सम्मान में चुनी गई है। ट्रम्प ने कहा, “टैरिफ और हाल ही में पारित ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ (बड़े कर कटौती विधेयक) की वजह से हम यह कर पा रहे हैं।”
गौरतलब हैं कि, ट्रम्प ने विदेश नीति पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, “मैंने अमेरिकी ताकत को बहाल किया है। 10 महीनों में 8 युद्ध सुलझाए हैं, ईरान के परमाणु खतरे को खत्म किया और गाजा में युद्ध समाप्त कर मध्य पूर्व में 3000 वर्षों बाद शांति लाई है।” ट्रम्प ने यह भी कहा कि अब दुनिया अमेरिका का मजाक नहीं उड़ाती, बल्कि उसका सम्मान करती है। हालांकि, कई फैक्ट-चेकर्स और विश्लेषकों ने इन दावों को अतिरंजित बताया है। कुछ संघर्ष उनके पहले कार्यकाल से जुड़े हैं, जबकि कुछ में अमेरिका की भूमिका सीमित या विवादास्पद रही है।
बता दें कि, ट्रम्प का यह संबोधन 2026 मिडटर्म चुनावों से पहले महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां अर्थव्यवस्था और महंगाई प्रमुख मुद्दे हैं। जबकि ट्रम्प अपनी नीतियों को सफल बता रहे हैं, विपक्ष और कई विश्लेषक इसे जनता की वास्तविक चुनौतियों से अलग मान रहे हैं। आने वाले महीनों में टैरिफ के प्रभाव और आर्थिक आंकड़े इस बहस को और गहरा करेंगे।
