लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए फार्मर आईडी को अनिवार्य कर दिया है। अब किसी भी सरकारी योजना का लाभ बिना इस 12 अंकों की डिजिटल आईडी के नहीं मिल पाएगा। सरकार हर किसान का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर रही है, ताकि सही हकदार किसानों तक ही मदद पहुंचे और फर्जीवाड़े पर पूरी तरह रोक लग सके।
फार्मर आईडी किसानों का डिजिटल डेटाबेस है, जो आधार कार्ड की तरह काम करेगी। इसमें किसान का नाम, जमीन का पूरा रिकॉर्ड, खतौनी और बोई गई फसलों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज होगी। इससे कृषि योजनाओं में पारदर्शिता आएगी और किसानों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
बिना फार्मर आईडी के पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त, फसल बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाएं प्रभावित हो सकती हैं। साथ ही मंडियों में एमएसपी पर फसल बेचने के लिए भी यह आईडी जरूरी होगी।
किसान स्वयं upagripardarshi.gov.in वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर 20 से 50 रुपये का सर्विस चार्ज देकर e-KYC और आईडी बनवा सकते हैं।
क्यों जरूरी है यह डिजिटल व्यवस्था?
सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। कई बार गलत या अपूर्ण रिकॉर्ड के कारण पात्र किसानों को समय पर लाभ नहीं मिल पाता, जबकि कुछ मामलों में फर्जीवाड़े की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
फार्मर आईडी लागू होने के बाद प्रत्येक किसान का डिजिटल प्रोफाइल तैयार होगा, जिससे संबंधित विभाग आवश्यक जानकारी का सत्यापन आसानी से कर सकेंगे। इससे आवेदन प्रक्रिया तेज होने और प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
किसानों को क्या होंगे संभावित लाभ?
फार्मर आईडी के माध्यम से कृषि सेवाओं को अधिक व्यवस्थित और डिजिटल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे किसानों को संभावित रूप से निम्नलिखित सुविधाएं मिल सकती हैं—
- बार-बार दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता कम होगी।
- सरकारी योजनाओं के लिए पहचान सत्यापन आसान होगा।
- कृषि भूमि और फसल संबंधी रिकॉर्ड डिजिटल रूप से उपलब्ध रहेंगे।
- विभागीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी।
- योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
यहां यह जानना आति आवश्उयक है कि, त्तर प्रदेश सरकार की फार्मर आईडी पहल का उद्देश्य किसानों का एक विश्वसनीय डिजिटल डेटाबेस तैयार करना और सरकारी योजनाओं को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, PM किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और MSP पर फसल बिक्री जैसी सुविधाओं के लिए फार्मर आईडी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसलिए जिन किसानों ने अभी तक यह आईडी नहीं बनवाई है, उन्हें आधिकारिक पोर्टल या अधिकृत कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से समय रहते आवेदन करने की सलाह दी जाती है, ताकि भविष्य में सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
