मुंबई। बॉलीवुड में इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्में एक साथ रिलीज हो रही हैं। ‘बॉर्डर 2’, ‘मर्दानी 3’, ‘भाबीजी घर पर हैं’ जैसी फिल्मों के बीच नीना गुप्ता और संजय मिश्रा की स्टारर ‘वध 2’ भी 6 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में आई थी। 2022 की सफल फिल्म ‘वध’ की सीक्वल होने के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत के बाद तेजी से लड़खड़ा गई है। शानदार स्टारकास्ट और थ्रिलर जॉनर के दम पर उम्मीदें थीं, लेकिन 6 दिनों में ही कलेक्शन में भारी गिरावट देखी जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म अब तक मात्र 3.34 करोड़ का नेट कलेक्शन कर पाई है, जो उसके 8 करोड़ के बजट के मुकाबले काफी कम है।
फिल्म की दिन-प्रतिदिन की कमाई
‘वध 2’ ने पहले दिन (शुक्रवार, 6 फरवरी) 0.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यह शुरुआत ठीक-ठाक मानी गई, क्योंकि फिल्म बिना ज्यादा प्रमोशन के रिलीज हुई थी। दूसरे दिन (शनिवार) में 70% की बढ़ोतरी के साथ 0.85 करोड़ का कलेक्शन हुआ। वीकेंड के तीसरे दिन (रविवार) फिल्म ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और 1 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में कुल 2.35 करोड़ का नेट कलेक्शन रहा। हालांकि वीकेंड के बाद स्थिति बिगड़ गई। चौथे दिन (सोमवार) कलेक्शन गिरकर 0.31 करोड़ रह गया। पांचवें दिन (मंगलवार) में हल्की रिकवरी हुई और 0.33-0.35 करोड़ के बीच कलेक्शन रहा। छठे दिन (बुधवार, 11 फरवरी) की कमाई अब तक की रिपोर्ट्स के मुताबिक 0.34 करोड़ (34 लाख) रही है। कुछ रिपोर्ट्स में इसे 0.20 करोड़ से 0.40 करोड़ के बीच बताया गया है, लेकिन औसतन 34 लाख का आंकड़ा सबसे ज्यादा स्वीकार्य है।
फिल्म को ‘बॉर्डर 2’ (सनी देओल स्टारर), ‘मर्दानी 3’ और ‘भाबीजी घर पर हैं’ जैसी फिल्मों से कड़ी टक्कर मिल रही है। ये फिल्में बड़े बजट और बड़े स्टारकास्ट के साथ आई हैं, जिससे ‘वध 2’ जैसी मिड-बजट कंटेंट फिल्म को दर्शक नहीं मिल पा रहे। वर्ड ऑफ माउथ मिक्स्ड रहा है – कुछ क्रिटिक्स ने नीना गुप्ता और संजय मिश्रा की एक्टिंग की तारीफ की, लेकिन कहानी और स्क्रिप्ट पर सवाल उठे। फिल्म का प्रीमियर 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (गोवा) में नवंबर 2025 में हुआ था, जहां इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली, लेकिन थिएट्रिकल रिलीज पर दर्शक कम आए।
इस कड़ी में हम आपको बताते चले कि, अब फिल्म के सामने वैलेंटाइन वीक का चैलेंज है। 13 फरवरी 2026 को शाहिद कपूर-त्रिप्ति डिमरी की ‘ओ’ रोमियो’ और अन्य फिल्में रिलीज हो रही हैं, जो ‘वध 2’ के लिए और मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं। ट्रेड एक्सपर्ट्स उम्मीद जता रहे हैं कि अगर वर्ड ऑफ माउथ बेहतर हुआ तो वीकेंड में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन फिलहाल फिल्म संघर्ष कर रही है। कुल मिलाकर ‘वध 2’ पहले पार्ट की सफलता को दोहरा नहीं पाई। कंटेंट-बेस्ड फिल्मों के लिए बॉक्स ऑफिस पर मुश्किलें बढ़ रही हैं, खासकर जब बड़े बजट वाली एंटरटेनर फिल्में मुकाबले में हों। दर्शक अब वीकेंड के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं।
