नई दिल्ली। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है। मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 38 गेंदों में 93 रनों की तूफानी पारी खेलते हुए उन्होंने राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ की दौड़ में मजबूत स्थिति दिलाई। इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 10 छक्के जड़े।
जानकारी दे दें कि, 13 मैचों में वैभव सूर्यवंशी ने कुल 579 रन बना लिए हैं और फिलहाल ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे हैं। उनका स्ट्राइक रेट 236.32 का है। इस सीजन उन्होंने अब तक 53 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी टी20 टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा हैं।nवैभव की नजर अब क्रिस गेल के IPL 2012 के 59 छक्कों के रिकॉर्ड पर है। गेल ने उस सीजन आरसीबी के लिए 15 मैचों में 733 रन बनाए थे और 59 छक्के जड़े थे। वैभव को इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए अब सिर्फ 7 छक्के और चाहिए।
राजस्थान रॉयल्स की इस जीत के बाद आईपीएल 2026 की प्लेऑफ रेस और रोमांचक हो गई है। टीम ने महत्वपूर्ण समय पर जीत हासिल कर अपनी उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा है। अब सभी की निगाहें राजस्थान के अगले मुकाबलों और वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी।
अगर वैभव इसी फॉर्म में बने रहते हैं, तो वह न केवल ऑरेंज कैप जीत सकते हैं, बल्कि आईपीएल इतिहास के कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं। फिलहाल क्रिकेट जगत में हर तरफ सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा है — वैभव सूर्यवंशी।
