कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। सात जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। कुल 3 करोड़ 21 लाख 73 हजार 837 मतदाता हैं, जिनमें 1 करोड़ 64 लाख 35 हजार 627 पुरुष, 1 करोड़ 57 लाख 37 हजार 418 महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सुबह करीब 9:59 बजे तक राज्य में 18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतदान के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों पर मतदाताओं को डराने और पार्टी कार्यकर्ताओं के घरों में जबरन घुसने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता वोट डालेंगे, न कि पुलिस या सुरक्षा बल। ममता बनर्जी ने बभानीपुर स्थित बूथ पर सुबह वोट डाला। उन्होंने यह भी दावा किया कि बाहर से आए कई पर्यवेक्षक और भाजपा के कहने पर काम हो रहा है तथा उनकी पार्टी के पोस्टर हटा दिए गए हैं।
नादिया जिले के चापड़ा क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे भाजपा पोलिंग एजेंट मोशर्रफ मिर पर लोहे की रॉड और बंदूक लेकर हमला किया गया। घटना हात्रा पंचायत के बूथ नंबर 52 पर हुई। हमले में उनके सिर पर चोट आई और छह टांके लगे। उन्हें चापड़ा रूरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उन्हें बचाया।
इस चरण में कुल 1448 उम्मीदवार मैदान में हैं। 41 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं और हर बूथ पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था है। केंद्रीय सुरक्षा बलों की 2321 कंपनियां तैनात की गई हैं। मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है, जो मतदान को प्रभावित कर सकती है।
