कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान निष्पक्षता बनाए रखने में विफलता और गंभीर कदाचार के आरोप में निर्वाचन आयोग ने डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आयोग ने मुख्य सचिव को भेजे पत्र में इन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं। यह कार्रवाई मुख्य निर्वाचन अधिकारी की 22 अप्रैल की रिपोर्ट के आधार पर ली गई है।
निलंबित अधिकारियों में डायमंड हार्बर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) संदीप गराई, एसडीपीओ सजल मंडल, डायमंड हार्बर थाने के प्रभारी मौसम चक्रवर्ती, फालता थाने के प्रभारी अजय बाग और उस्ती थाने की प्रभारी शुभेच्छा बाग शामिल हैं। विशेष रूप से संदीप गराई के मामले में आयोग ने गृह मंत्रालय को रिपोर्ट भेजने का भी निर्देश दिया है।
आयोग ने डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक डॉ. इशानी पाल को उनके अधीनस्थ अधिकारियों पर नियंत्रण रखने में विफलता के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है। साथ ही, आज सुबह 11 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट मांगी गई है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि चुनाव प्रक्रिया की पवित्रता से समझौता करने वाले किसी भी प्रशासनिक अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
यह कदम बंगाल विधानसभा चुनाव में निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित करने के लिए आयोग की सख्त नीति को दर्शाता है। पहले चरण के मतदान के बाद की गई यह कार्रवाई चुनाव संबंधी शिकायतों पर त्वरित एक्शन का उदाहरण है।
